सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अशरफपुर नहर पुलिया के पास बाइक सवार बदमाशों ने दिव्यांग बीडीसी सदस्य की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी सुधीर कुमार सिंह, एसपी सिटी पंकज कुमार पांडेय समेत अन्य आलाधिकारियों ने भी मौके पर पहुंच कर मुआयना किया।
अशरफपुर गांव निवासी 30 वर्षीय मो. आलम पुत्र कुतुबुद्दीन निवर्तमान बीडीसी सदस्य था। पैर से दिव्यांग होने के चलते वह तीन पहिया स्कूटी से चलता था। बृहस्पतिवार को दिन में 12 बजे वह घर से दाढ़ी बनवाने की बात कह कर निकला और अंजानशहीद बाजार में आकर उसने दाढ़ी बनवाई। इसके बाद पौने तीन बजे के लगभग वह अपनी स्कूटी से ही घर वापस लौट रहा था। अभी वह गांव के पास ईंट भट्ठे के सामने स्थित नहर पुलिया पर ही पहुंचा था कि बाइक सवार कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। बाइक सवार लोगों और बीडीसी सदस्य के बीच बातचीत हो रही थी। कुछ ही देर में कहासुनी होने लगी। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने असलहा निकाल लिया और ताबड़तोड़ मो. आलम को गोली मार दी। गले से सटा कर गोली मारी गई,जो सिर से निकल गई। गोली लगते ही आलम लहूलुजान होकर मौके पर गिर पड़ा और हमलावार मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुन कर ग्रामीण भाग कर मौके पर पहुंचे। जब तक उसे इलाज के लिए ले जाने की व्यवस्था होती तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए रवाना कर दिया। वहीं घटना की जानकारी पर एसपी सुधीर कुमार सिंह, एसपी सिटी पंकज पांडेय, सीओ सगड़ी अजय यादव भी मौके पर पहुंच कर मुआयना किया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था और एक साढ़े तीन साल की बच्ची का पिता था। तीनों भाई मुंबई रहते है। वर्तमान में एक भाई घर आया हुआ था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।