आजमगढ़। पुलिस रिमांड में गढ़वल थाना राजे सुल्तानपुर जिला आंबेडकरनगर निवासी अजीत शुक्ला की निशानदेही पर कोतवाली पुलिस ने 32 बोर की एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया है।
कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि सरदारगंज थाना मेंहनगर निवासी वंशराज चौहान ने तहरीर देकर बताया था कि पोता मोनू सिंह चौहान डीएवी कॉलेज में बीकॉम का छात्र है। राहुल नगर मडया लोटस हास्पिटल के पास सोनू पांडेय के मकान में किराये पर कमरा लेकर रहता है। नौ अक्तूबर की शाम चार बजे सूचना मिली कि उनके पोते को गोली लग गई है। वह रिश्तेदार रमाशंकर चौहान के साथ मोनू के कमरे पर पहुंचे तो पता चला कि मकान में रहने वाले अजीत शुक्ला के कमरे पर असलहा लेकर उनके रिश्तेदार मुखलीसपुर थाना कप्तानगंज निवासी अंकित उपाध्याय आए थे। दोनों लोग असलहा लोड करके दिखा रहे थे कि अजीत ने मोनू चौहान को लक्ष्य करके असलहे से फायर कर दिया। गोली चल गई और मोनू के जबड़े में लग गई। इस मामले में पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने असलहा बरामद किया है।