आजमगढ़। जनपद में बर्ड फ्लू को लेकर पशुपालन विभाग पूरी तरह से अलर्ट पर है। जिले गठित टीमों द्वारा प्रतिदिन घूम-घूमकर पोल्ट्री फार्मों से पक्षियों का सैंपल कलेक्शन किया जा रहा है। लेकिन अभी तक जनपद में एक भी पाजीटिव केस नहीं आया है। जिले से पूर्व में अनुसंधान केंद्र भेजी गई पक्षियों की रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। वहीं सरकार की ओर से बाहर से आने वाले मुर्गे और अंडे पर लगा प्रतिबंध खत्म कर दिया गया है।
प्रदेश में बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए शासन की ओर से सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। साथ ही एक जनपद से दूसरे जनपद में मुर्गे और अंडे के परिवहन पर प्रतिबंध लगा दिया। जनपद में शासन के निर्देश पर पशुपालन विभाग अलर्ट मोड में आ गया। उसके द्वारा हर ब्लाक परिसर में एक त्वरित कार्रवाई दल का गठन किया गया है। यह टीमें प्रतिदिन क्षेत्र भ्रमण कर पोल्ट्री फार्मों के पक्षियों की सैंपलिंग कर नमूना जुटाया जा रहा है। फिर इन नमूनो को जांच के लिए अनुसंधान केंद्र भेजा जा रहा है। गुरुवार को टीम द्वारा जनपद में कुल 57 नमूने जुटाए गए थे। वहीं शुक्रवार केे टीम ने कुल 18 नमूने जुटाए। सभी नमूनों को शनिवार को जांच के लिए अनुसंधान केंद्र बरेली भेजा जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. वीके सिंह ने बताया कि जनपद में बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने न आने के कारण शासन स्तर से दूसरे जनपदों से आने वाले अंडे और मुर्गी पर लगे प्रतिबंध केे हटा लिया गया है। वहीं जो सैंपल जांच के लिए भेजा जा रही है। अगर इनमें से कोई पाजीटिव पाया जाता है तभी अनुसंधान केंद्र से रिपोर्ट आएगी अन्यथा नहीं आएगी।