बाहुबली विधायक रमाकांत यादव की शुक्रवार को एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट के न्यायाधीश अशोक कुमार की अदालत में तीन मामलों में पेशी थी। वे फतेहगढ़ जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेश हुए। एक मामले में न्यायाधीश ने 29 नवंबर तो दो मामलों में 30 नवंबर की तारीख अगली सुनवाई के लिए निर्धारित किया।
फूलपुर-पवई सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक बाहुबली रमाकांत यादव पर कई मुकदमे दर्ज हैं। एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में शुक्रवार को तीन मामलों में रमाकांत की पेशी हुई। पहला मामला बीते विधानसभा चुनाव के दौरान जहानागंज थाना क्षेत्र के चकवल स्थित मतगणना स्थल पर ईवीएम लूट से संबंधित है। इसमें शुक्रवार को विवेचक विकास पांडेय व एफआईआर लेखक बेचू राम की गवाही हुई। इसके बाद न्यायाधीश ने इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख 29 नवंबर निर्धारित कर दी। इसके अलावा फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी बाजार व दीदारगंज थाना क्षेत्र में खेतासराय रोड पर चक्काजाम के मुकदमों में बाहुबली की पेशी हुई। इन दोनों मामलों में न्यायाधीश ने अगली सुनवाई के लिए 30 नवंबर की तारीख मुकर्रर की।