आजमगढ़। गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। लेकिन नगर क्षेत्र में प्याऊ या तो खराब पड़े हैं या फिर उसे दूसरे रूप में प्रयोग किया जा रहा है। जिसका परिणाम है कि गर्मी के मौसम में शहर आने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अमर उजाला जनहित के इस मुद्दे को सोमवार के अंक में ‘पारा चढ़ा, मार्च में ही जून की गर्मी का अहसास’ शीर्षक से पेज दो पर खबर को प्रकाशित किया। खबर को डीएम अमृत त्रिपाठी ने संज्ञान में लिया और जगह चिह्नितत कर नए प्याऊ लगाने और खराब पड़े प्याऊ की मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
जनपद में मौसम का अधिकतम पारा 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। लू भी अब चलने लगी है जिसके कारण लोगों के हलक सूखने लगे हैं। वहीं अप्रैल माह से लगन शुरू होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से बहुत से लोग खरीदारी के लिए शहर पहुंचने लगे हैं। गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल हो जा रहा है। उन्हें अपना गला तर करने के लिए जेब ढ़ीली करनी पड़ रही है। क्योंकि नगर पालिका द्वारा लगवाएं गए प्याऊ या तो खराब पड़े हैं या उनका उपयोग दूसरे रूप में हो रहा है। जिसके कारण वह लोगों की प्यास बुझाने में नाकाम हैं। जनहित की इस समस्या को हमने 28 मार्च के अंक में पेज दो पर प्रकाशित किया। खबर को डीएम ने संज्ञान में लिया और नगरपालिका ईओ को नए प्याऊ लगाने के लिए जगह चिन्हित करने और पुराने खराब पड़े प्याऊ जो मरम्मत योग्य हैं उनकी सफाई और मरम्मत कराकर चालू करने का निर्देश दिया है।