24 ग्रामीण बाजारों में बिक रहे एक्सपायरी चिप्स और स्नैक्स। संवाद
आजमगढ़। अगर आपका बच्चा भी दुकान से चिप्स, कुरकुरे और अन्य पैकेट बंद सामान को खरीदकर खा रहा है तो सतर्क हो जाएं। क्योंकि त्योहारी सीजन में एक्सपायरी डेट का सामान खपाने वाले और मिलावटखोरी करने वाले सक्रिय हो गए हैं। इस समय ब्रांडेड कंपनियों और लोकल कंपनियों के एक्सपायर उत्पाद ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों पर पटे हुए हैं। इन्हें खाने से आपके लाडले की सेहत खराब हो सकती है। जिले में खाद्य पदार्थों की नियमित चेकिंग न होने से एक्सपायरी डेट का सामान बाजारों में खूब बिक रहा है। गुणवत्ता के नाम पर महंगा सामान बेचा जाता है, लेकिन असलियत में उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इससे जिले में कई बार लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार भी हुए हैं। चिप्स, कुरकुरे, पापड़ आदि का सबसे ज्यादा उपयोग बच्चे करते हैं। बच्चों को एक्सपायरी डेट से मतलब नहीं होता है वह तो सिर्फ उसका स्वाद देखते हैं। इसका फायदा उठाकर वर्तमान में ग्रामीण इलाकों में एक्सपायरी माल धड़ल्ले से खपाया जा रहा है।
मंगलवार को जब इसकी पड़ताल कराई गई तो मुबारकपुर नपा क्षेत्र स्थित एक दुकान पर एक ब्रांडेड कंपनी के कुरकुरे और चिप्स का पैकेट तीन माह पूर्व ही एक्सपायर मिला। इसके बाद भी दुकानदार उसकी धड़ल्ले से बिक्री कर रहा था। वहीं रानी की सराय क्षेत्र में ब्रांडेड तो नहीं कुछ लोकल कंपनियों के माल कई माह पूर्व ही एक्सपायर मिले। इसके बाद भी दुकानदार द्वारा उसकी बिक्री जा रही थी।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके विमल ने बताया कि फूड पॉइजनिंग आम खतरा है। एक्सपायरी डेट के बाद, खाने-पीने की चीजों में हानिकारक बैक्टीरिया जैसे कि साल्मोनेला और ई. कोलाई पनपने लगते हैं। इनके सेवन से मतली, उल्टी, दस्त, पेट में ऐंठन और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं। समय के साथ, इन खाद्य पदार्थों के पोषक तत्व और विटामिन कम होने लगते हैं। एक्सपायर होने के बाद, ये चीजें सिर्फ स्वाद देती हैं, लेकिन उनका पोषण मूल्य काफी कम हो जाता है। भले ही एक्सपायर होने के कुछ समय बाद तक चिप्स या कुरकुरे खाने के लिए सुरक्षित हों, लेकिन उनका स्वाद बासी या खराब हो जाता है। उनकी कुरकुराहट भी चली जाती है। नमी की वजह से पैकेट के अंदर फफूंदी या अन्य कीटाणु पैदा हो सकते हैं। अगर पैकेट खुला हो या ठीक से सील न हो, तो यह खतरा और भी बढ़ जाता है। कुछ मामलों में, एक्सपायर हुए उत्पादों में रासायनिक बदलाव हो सकते हैं, जिससे कुछ लोगों को एलर्जी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं।
हमारी ओर से अक्सर इनकी जांच की जाती है। उसके नमूने जुटाए जाते हैं। अगर नमूना मानक में फेल होता है तो संबंधित के खिलाफ कोर्ट से सजा का निर्धारण कराया जा रहा है। ऐसा है तो हम इसके लिए एक टीम का गठन कर कल से एक अभियान चला देते हैं। - सुशील कुमार मिश्रा, सहायक आयुक्त खाद्य।