सोमवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में भोलेनाथ के पूजन-अर्चन का जो सिलसिला शुरू हुआ वह देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने धूप-दीप, भांग-धतूरा, बेलपत्र आदि चढ़ाकर बाबा का जलाभिषेक किया। इस दौरान जयकारे से शिवालय और मंदिर गूंजते रहे। नगर से सटे बाबा भंवरनाथ मंदिर, महराजगंज स्थित भैरोबाबा मंदिर, निजामाबाद स्थित पातालनाथ मंदिर, रामगढ़ स्थित पातालपुरी महादेव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में भोर से ही भक्तों की भीड़ लगी थी। सबसे ज्यादा श्रद्धालु बाबा भंवरनाथ मंदिर में पहुंचे थे। मंदिर में भक्तों को कतारबद्ध कराकर बारी-बारी से दर्शन कराया गया। मंदिर के अंदर से लेकर बाहर तक श्रद्धालुओं की कतार लगी हुई थी। सुरक्षा की दृष्टि से अंदर और बाहर पुलिस बल की तैनाती गई थी। काफी संख्या में बाबा भंवरनाथ मंदिर पहुंचे कांवरियों ने भी बाबा का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने बाबा को भांग, धतूर, पुष्प, बेलपत्र आदि चढ़ाया। मेजवां : फूलपुर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर जयकारों से गूंजायमान रहे। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, शहद, जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। नगर के शंकर तिराहा, शंकर गली, नागा बाबा, परमहंस कुटी रोड स्थित शिव मंदिर सहित पौराणिक स्थल दुर्वासा और मुंडेश्वर नाथ मंदिर में सुबह से ही भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। रानी की सराय : आवंक स्थित अवंतिकापुरी धाम पर भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया।भक्तों ने जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा। इसी प्रकार रानी पोखरा, निजामाबाद मोड़, सैयदवारा स्थित शिवमंदिर में दर्शन-पूजन को पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। इसी तरह हनुमानगढ़ी मंदिर स्थित शिवालय में भी पूरे दिन भक्तों की भीड़ जुटी रही।