नारी शक्ति संस्थान की ओर से नारी शक्ति सावन उत्सव-2023 का आयोजन रविवार की देर शाम नगर के ब्रह्मस्थान स्थित एक हाल में किया गया। उत्सव में महिलाओं ने कजरी गाई और विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। जिसमें सावन सुंदरी, मेहंदी, कजरी गीत, नृत्य प्रतियोगिता सभी के आकर्षक का केंद्र रही। संस्था अध्यक्ष विदुषी अस्थाना ने कहा कि कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के पारम्परिक उत्सवों के संरक्षण एवं उसके विकास के लिए समर्पित है। आज आधुनिकता के दौड़ में हमारे पारंपरिक उत्सव कजरी आदि विलुप्त होने की कगार पर हैं। ऐसे कार्यक्रमों से इनके प्रचार प्रसार में मदद मिलती है। ऐसे आयोजन के लिए संस्थान अनवरत प्रयास करता रहेगा। संस्था की सचिव डा. पूनम तिवारी ने कहा कि उत्सव हमारे जीवन में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। बदलते परिवेश में बहुत कुछ रीति रिवाजों को आज बचाने की जरूरत है, इसी उदेश्य को पूर्ण करने के लिए संस्थान प्रयासरत है, ताकि पारम्परिक उत्सव कजरी आदि का संरक्षण एवं संवर्धन हो सके। सावन सुंदरी रिंकी प्रशांत, मेहंदी अनामिका प्रजापति, कजरी गीत सीमा श्रीवास्तव व नृत्य में ऋतु अग्रवाल को विजयी घोषित किया गया। संचालन अंशू अस्थाना ने किया जबकि आभार मंजू उपाध्याय ने जताया।