आजमगढ़। राज्यस्तरीय 70वीं विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत आजमगढ़ मंडल को चार प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है। इन प्रतियोगिताओं में प्रदेश के सभी 18 मंडलों से चार हजार से अधिक खिलाड़ी, कोच, मैनेजर और तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे। प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंडलीय सचिव दिनेश सिंह ने बताया कि अगस्त महीने में 17 से 20 अगस्त तक बालक-बालिका वर्ग की सब जूनियर, जूनियर और सीनियर तैराकी प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें प्रदेश भर से करीब 800 तैराक प्रतिभाग करेंगे। इसी अवधि में शतरंज प्रतियोगिता भी तीनों आयु वर्गों में कराई जाएगी, जिसमें 600 से 700 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि योगासन प्रतियोगिता सितंबर माह में प्रस्तावित है, जिसमें 600 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा बालक-बालिका वर्ग की सब जूनियर, जूनियर और सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता भी आजमगढ़ में आयोजित होगी। प्रत्येक मंडल से कबड्डी की छह-छह टीमें आएंगी। प्रत्येक टीम के साथ एक कोच और एक मैनेजर रहेगा, जबकि प्रतियोगिता के संचालन के लिए तकनीकी अधिकारियों और निर्णायकों की भी तैनाती की जाएगी।
मंडलीय सचिव ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए खेल स्थलों, खिलाड़ियों के आवास, भोजन, परिवहन और सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिलने से जिले में खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप माहौल देखने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।