आजमगढ़। कूटरचित दस्तावेजों के आधार शिक्षक की नौकरी करने वाले फर्जी शिक्षक को महराजगंज थाना पुलिस ने बुधवार को सरदहा बाजार से गिरफ्तार कर लिया। जांच शुरू होने के बाद उक्त फर्जी शिक्षक नौकरी छोड़ कर फरार हो गया था।
संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद थाना अंतर्गत मड़या गांव निवासी राजेश कुमार यादव पुत्र स्व. रामबेलास ने कूटरचित दस्तावेज के आधार पर 2010 में जिले के महराजगंज शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय भीलमपुर पर बतौर सहायक अध्यापक नौकरी ज्वाइन किया था। नौकरी उसने राजेश कुमार पुत्र रामदुलारे के नाम पर पाया था। इसकी शिकायत हुई तो जांच की कवायद शुरू हो गई। 2020 में बेसिक शिक्षाधिकारी आजमगढ़ ने मूल शैक्षिक प्रमाण पत्रों के साथ उपस्थित होने को कहा। इसके बाद राजेश स्कूल छोड़ कर फरार हो गया। निर्धारित समय तक राजेश द्वारा प्रमाण पत्र आदि न उपलब्ध कराने पर बेसिक शिक्षाधिकारी द्वारा उसके खिलाफ महराजगंज थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया।
बुधवार को राजेश बैंक के किसी काम से ग्रामीण बैंक सरदहा बाजार आया था। इसकी सूचना मुखबिर के माध्यम से पुलिस को मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। एसओ महराजगंज गजानंद चौबे ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तत्कालीन बीएसए शिवचंद राम के हस्ताक्षर से जारी नियुक्ति पत्र के आधार पर उसने नौकरी ज्वाइन किया था। उसके पिता ने अपने एक परिचित साहबराम तिवारी के माध्यम से नियुक्ति पत्र जारी करवाए थे। पुलिस ने फर्जी शिक्षक को गिरफ्तार कर संबंधित मुकदमें के आधार पर चालान कर जेल भेज दिया है।