आजमगढ़ का हॉटस्पाट घोषित मुबारकपुर कस्बा
- फोटो : amar ujala
आजमगढ़ के मुबारकपुर कस्बे के हॉटस्पाट घोषित मोहल्ले में एक महिला ने दवा के लिए एसपी के सरकारी नंबर पर फोन किया। जानकारी होने पर एसपी स्वयं वहां दवा लेकर पहुंच गए। दवा देने के बाद घर-घर जाकर लोगों का हाल जाना। पुलिस के इस बर्ताव से न केवल मोहल्ले के लोग बल्की आसपास के लोग भी प्रशंसा कर रहे हैं।
मुबाकरपुर कस्बे के पास स्थित चक सिकठी नयापुर पुरवा में आठ कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद 11 अप्रैल को चकसिकठी और चकमेंढ़क को हॉटस्पाट घोषित कर दिया गया। यहां के लोगों को घरों से निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है। जरूरी सामानों की सप्लाई प्रशासन द्वारा घर-घर कराई जा रही है। पुलिस मोहल्ले में सात स्थानों पर बैरियर लगाकर और ड्रोन कैमरे से हॉटस्पॉट मोहल्ले की निगरानी कर रही है।
इसी बीच कस्बे की ही एक महिला को दवा की जरूरत पड़ी और उसने एसपी त्रिवेणी सिंह को फोन किया। इसके बाद एसपी पीपीई किट में हॉटस्पाट क्षेत्र स्थित घर पर दवा लेकर पहुंचे। महिला को दवा उपलब्ध कराई। इसके साथ ही उन्होंने मोहल्ले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कस्बे के लोगों से बातचीत कर उनका हाल जाना।