सर्वोदय पब्लिक स्कूल में कक्षा में बैठ का पढ़ाई करती छात्राएं।-प्लान खबर की फोटो
- फोटो : AZAMGARH
शासन के निर्देश पर मंगलवार से आजमगढ़ जिले में भी 9वीं से 12वीं कक्षा तक के स्कूल खुल गए। इन कक्षाओं के स्कूलों को पूरी क्षमता के साथ खोला गया। कोरोना काल में ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे छात्र अब स्कूल में ऑफलाइन मोड में पढ़ाई करने को लेकर काफी उत्साहित दिखे। हलांकि पहले दिन विद्यालयों में पूरी क्षमता के साथ बच्चे नहीं पहुंचे। अमर उजाला की टीम ने मंगलवार को जीजीआईसी, आश्रम पद्घति विद्यालय मूसेपुर व सर्वोदय पब्लिक स्कूल हरिबंशपुर का जायजा लिया। इस दौरान अलग-अलग नजारा देखने को मिला।
टीम सबसे पहले राजकीय बालिका इंटर कालेज में पहुंची। विद्यालय में प्रवेश द्वारा पर एक कुर्सी व मेज दिखाई पड़ रहा था, कुर्सी खाली थी। टीम आगे बढ़ी तो प्रधानाचार्य सुधा सिंह अपने कक्ष में बैठकर कुछ लोगों से बात कर रही थीं। उन्होंने बताया कि अभी हमारे विद्यालय में 50 फीसद ही छात्राओं को बुलाया जा रहा है। इसका मुख्य कारण है कि हमारे विद्यालय में कोविड-19 का कंट्रोल रूम बनाया गया है। आधे से अधिक कक्ष कंट्रोल रूम में ही फंसा है। ऐसे में हम पूरी क्षमता से बच्चों को नहीं बुला सकते हैं। टीम आगे बढ़ी तो एक कक्षा में प्रयोगात्मक परीक्षा चल रही थी। टीम आगे निकली तो एक जगह अध्यापिका कुर्सी पर बैठीं थी और छात्राएं उनके पास झुंड बनाकर खड़ी थीं।
जहां सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। टीम इसके बाद राजकीय आश्रम पद्घति विद्यालय मूसेपुर पहुंची। जहां विद्यालय तो खुला मिला लेकिन पूरी क्षमता के साथ बच्चे नहीं दिखे। प्रधानाचार्य राकेश कुमार सिंह ने बताया कि देर शाम को विद्यालय व छात्रावास खोलने का निर्देश मिला था। इसकी सूचना भोजन बनाने वाली संस्था को दे दी गई है। उधर आवास को सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। कुछ बच्चे नजदीक के है वह पढ़ाई करने आ रहे लेकिन जो दूर के हैं वह अभी नहीं आए है। सैनिटाइजेशन के बाद पूरी क्षमता के साथ विद्यालय खोल दिए जाएंगे। इसके बाद टीम सर्वोदय पब्लिक स्कूल हरिबंशपुर में पहुंची। जहां मुख्य गेट पर ही थर्मल स्क्रीनिंग मशीन की जा रही थी। टीम अंदर गई तो बच्चे मास्क लगाकर क्लास रूम में बैठे थे।
मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का पालन जरूरी
बदलावों के बाद नई व्यवस्था में स्कूलों की तरफ से भी खास इंतजाम किए गए हैं। क्लास रूम से लेकर कैंपस तक को सैनिटाइज किया गया है। इसके अलावा मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।