Azamgarh News: आजमगढ़ पुलिस ने गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए तस्करों के पास से 10 किलो गांजा, मोबाइल फोन व नकदी बरामद किया गया है।
आजमगढ़ जिले के तहबरपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में संलिप्त गिरोह का पर्दाफाश कर दो महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 किलो गांजा, मोबाइल फोन व नकदी बरामद की है।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
थाना प्रभारी आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को मिली सूचना के आधार पर नवापुरा मोड़ के पास घेराबंदी कर मो. साजिद निवासी तुर्कमानपुर थाना राजघाट (गोरखपुर), रविता निषाद और प्रीति निषाद निवासी चकरा अव्वल (गोरखपुर) को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान साजिद के पास से छह किलो, जबकि दोनों महिलाओं के पास से 2-2 किलो गांजा बरामद हुआ। साथ ही एक ट्रॉली बैग, दो बैग, तीन मोबाइल फोन और 680 रुपये नकद भी मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा वाराणसी मंगाकर आजमगढ़, मऊ और गोरखपुर सहित विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे।
विज्ञापन
महिलाओं के साथ होने के कारण उन पर कम शक होता था, जिससे वे आसानी से तस्करी कर लेते थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया है।