मंडल के जनपदों में आरोग्य सेतु ऐप की डाउनलोडिंग की समीक्षा करती मंडलायुक्त कनक त्रिपाठी।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कमिश्नर कनक त्रिपाठी ने मंडल के जनपदों में आरोग्य सेतु ऐप की डाउनलोडिंग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन विभागों के फील्ड वर्कर्स को एप की डाउनलोडिंग बढ़ाने का लक्ष्य दिया गया है उन विभागों के मंडलीय अधिकारी नियमित रूप से उसकी समीक्षा करें। बेसिक शिक्षा, समाज कल्याण, पंचायत राज, खाद्य आदि विभागों के माध्यम से लाउनलोडिंग बढ़ाने की गुंजाइश है। बेसिक शिक्षा विभाग के स्तर पर आजमगढ़ में डाउनलोडिंग बहुत ही कम पाए जाने पर बीएसए को बढ़ाने के लिए निर्देशित किया। आजमगढ़ की स्थिति सबसे खराब मिली। एडी बेसिक राजेश कुमार आर्य ने बताया कि बेसिक शिक्षा से संबंधित अध्यापक एवं अन्य स्टाफ आजमगढ़ में लगभग 15000, मऊ में 6438 एवं बलिया में 7421 हैं। आजमगढ़ में प्रति शिक्षक एवं कर्मी 25 डानलोडिंग का, मऊ में 20 डाउनलोडिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बलिया में स्थिति ठीक है। मंडलायुक्त ने उप निदेशक पंचायती राज को निर्देशित किया पंचायत सेक्रेट्री एवं सफाई कर्मियों के स्तर पर लक्ष्य निर्धारित कर आरोग्य सेतु ऐप की डाउनलोडिंग बढ़ाएं। सीडीओ आनन्द कुमार शुक्ला से कहा कि जब तक फील्ड वर्कर्स को सौंपी गयी जिम्मेदारियों की दिन प्रतिदिन समीक्षा नहीं होगी तब तक अपेक्षानुसार प्रगति लाना संभव नहीं होगा। समीक्षा बैठक में लोनिवि के अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर सख्त नाराजगी व्यक्त की। मुख्य अभियन्ता, लोनिवि को इस सम्बन्ध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।