आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील परिसर में मंगलवार को घूस लेते पकड़े गए कानूनगों को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। गोरखपुर से आई एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को कानूनगों को 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ पकड़ा था। इसके बाद कप्तानगंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया था।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लखमीपुर गांव निवासी देवेंद्र कुमार यादव की भूमि का काफी दिनों से विवाद चल रहा है। जमीन की पैमाइश के लिए उसने आवेदन किया था। पैमाइश के नाम पर कानूनगो सुभाष सिंह निवासी जमीन हरखोरी थाना कोतवाली जीयनपुर ने देवेंद्र से 10 हजार रुपये की मांग की। इस पर देवेंद्र ने एंटी करप्शन टीम गोरखपुर से इसकी शिकायत की थी। मंगलवार को टीम बूढ़नपुर तहसील पहुंच गई। देवेंद्र भी घूस के 10 हजार रुपये लेकर तहसील पहुंचा और कानूनगो से मिल कर उसे पैसा दिया। इसी दौरान टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और कप्तानगंज थाने लाकर पुलिस के हवाले कर दिया। थाने में मंगलवार की देर रात कानूनगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और बुधवार की सुबह कप्तानगंज थाना पुलिस ने जेल भेज दिया।