राजकीय बालिका इंटर कालेज नोएडा में तैनात रसायन विज्ञान की प्रवक्ता रिंकी सिंह की डिग्रियों पर जिले के परिषदीय विद्यालय में तैनात फर्जी शिक्षिका रिंकी सिंह पर शनिवार को मुकदमा दर्ज हो गया। बीएसए के निर्देश पर खंड शिक्षाधिकारी शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी ने अतरौलिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
जीजीआईसी नोएडा की रसायन विज्ञान की प्रवक्ता रिंकी सिंह अपना आईटीआर भर रही थी तो उनके पैनकार्ड पर कहीं और से भी वेतन उठाए जाने की बात सामने आई। इस पर रिंकी सिंह ने खोजबीन शुरू की तो पता चला कि आजमगढ़ जिले के बेसिक शिक्षा विभाग की सहायक अध्यापिका रिंकी सिंह द्वारा उसके पैन कार्ड का प्रयोग किया जा रहा है।
इसकी शिकायत तत्कालीन बेसिक शिक्षाधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय से की, जिस पर बीएसए ने जांच बैठा दी। पड़ताल में सामने आया कि उक्त शिक्षिका अतरौलिया ब्लाक स्थित परिषदीय विद्यालय में तैनात है। उधर, जांच की जानकारी होने पर फर्जी शिक्षिका ने विद्यालय आना ही छोड़ दिया। विभाग द्वारा बार-बार नोटिस दिए जाने के बाद भी उसने अपना स्पष्टीकरण नहीं दिया।
सर्विस बुक में दर्ज स्थाई पते को चेक किया गया, तो वह पता भी गलत निकला। इसके बाद शैक्षिक अभिलेखों आदि की जांच हुई तो वह नोएडा जीजीआईसी में तैनात शिक्षिका के निकले। हर तरह से फर्जी पाने पर बेसिक शिक्षाधिकारी ने अतरौलिया में तैनात शिक्षिका को बर्खास्त कर दिया और रिकवरी व मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। खंड शिक्षाधिकारी अतरौलिया शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी ने शनिवार को अतरौलिया थाने में शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया।