अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बंहौर गांव में बुधवार को दिन में करीब एक बजे अवैध खनन के खिलाफ किसानों ने जमकर नारेबाजी की। किसानों ने लगभग एक घंटे तक प्रदर्शन किया लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा लेकिन ग्राम प्रधान हाफिज रिजवान ने किसानों को आश्वासन देकर प्रदर्शन को समाप्त कराया। सिक्स लेन रोड निर्माण के लिए लगने वाली मिट्टी के लिए बंहौर गांव के काश्तकारों के खेत से मिट्टी उठाई जा रही है। अवैध खनन से काश्तकारों की फसलें प्रभावित होती हैं। जिसे लेकर बुधवार को काश्तकारों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों का कहना है कि सिक्स लेन रोड में मिट्टी पटाई को लेकर ठेकेदार मनमानी ढंग से मिट्टी उठा रहे हैं। कहीं मानक के विपरीत अधिक खुदाई करके मिट्टी उठा ली जा रही है। जमशेद, मिस्टर, अनवरी सहित अन्य लोगों ने बताया कि मेरे बिना रजामंदी के ही मेरे खेत से रात में तीन मीटर गहरा गढ्ढ़ा खोदकर सारी मिट्टी उठा ली गई। खेत में लगे आम के हरे पौधे भी खोद कर फेंक दिए गए। साथ ही ग्रामसभा का चकमार्ग भी खोद डाला गया है। जिससे हमारी काश्तकारी पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है। भविष्य में इसमें किसी भी फसल का उत्पादन नहीं हो पाएगा। सूचना पाकर मौके पर ग्राम प्रधान हाफिज रिजवान अहमद पहुंचे और उन्हें आश्वासन दिया कि वह जिलाधिकारी से मिलकर शिकायती प्रार्थना पत्र देंगे और दोषियों के खिलाफ कारर्वाइ की मांग करेंगे। तब जाकर किसानों ने प्रदर्शन को समाप्त किया। इस मौके पर जमशेद, अब्दुल कयूम, राजाराम, निन्हकू, प्रेमानंद, जगदीश, मुंशी, भानू, फहीम खान आदि उपस्थित थे।