अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव में मंगलवार की रात एक घर में नकब लगाकर घुसे चोर 60 हजार रुपये नगद और करीब चार लाख रुपये मूल्य के आभूषण समेट ले गए। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस दौरान चोरी हुई अटैची और बक्सा घर से थोड़े दूर फेंका मिला। घटना के संबंध में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पीड़ित धर्मराज सिंह मुबारकपुर थाने के मोहब्बतपुर गांव के निवासी हैं। मंगलवार की रात धर्मराज का परिवार भोजन कर सो गया। रात में मौका पाकर चोर धर्मराज के मकान में नकब लगाकर भीतर घुसे और 60 हजार रुपये नगदी और चार लाख रुपये के गहने ले गए। पीड़ित के अनुसार एक जोड़ी झूमका, सोने की आठ अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, दो बाली और पायल समेत अन्य गहने चोरी हुए है। बुधवार की सुबह परिवार के लोग नकब देखकर दंग रह गए और शोर मचाने लगे। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस दौरान घर से थोड़े दूर टूटी हुई अटैची और बक्सा पड़ा मिला। प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर अखिलेश मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है लेकिन अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही।