अंबारी। फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बनवीरपुर दलित बस्ती के बगल में लगी बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को शनिवार की रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने नई प्रतिमा स्थापित कराकर लोगों के गुस्से को शांत किया। रविवार की सुबह किठावे गांव निवासी अखिलेश पुत्र हरगुन आटा लेने चक्की पर जा रहे थे। जैसे ही उनकी नजर प्रतिमा पर पड़ी तो उसे क्षतिग्रस्त हालत में देखा। उन्होंने इसकी संख्या गांव के अन्य लोगों को दी। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए। मूर्ति की हालत को देखकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान राज बिहारी सिंह ने इसकी सूचना थाना कोतवाली प्रभारी को फोन से दी। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझाते हुए नई मूर्ति मंगाकर स्थापित कराई और लोगों के आक्रोश को शांत कराया।