आजमगढ़। सूचना का आदान प्रदान सही ढ़ंग से न होने से बैठक में आए अवरोध से नाराज सीडीओ ने जिला अर्थ संख्याधिकारी और सहायक अर्थ संख्याधिकारी के खिलाफ डीएम से कार्रवाई की संस्तुति की गई। जिसमें उन्होंने अर्थ संख्याधिकारी को कारण बताओ नोटिस और सहायक अर्थ संख्या को प्रतिकूल प्रविष्टी देने की कार्रवाई प्रस्तावित की है। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि 13 नवंबर को डीएम की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया था। इसकी सूचना देने के लिए जिला अर्थ संख्याधिकारी रामदयाल राम को नोडल बनाया गया था। जबकि सहायक अर्थ संख्याधिकारी ओमप्रकाश यादव को सहायक बनाया गया था। दोनों को सभी अधिकारियों को फोन और लिखित रूप से सूचना भेजनी थी। लेकिन इन दोनों के द्वारा किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बैठक की सूचना नहीं दी गई। जिसके कारण बैठक में अवरोध उत्पन्न हुआ। इस बात को लेकर डीएम द्वारा नाराजगी जताई गई थी। इस कार्य में लापरवाही के लिए मेरी ओर से जिला अर्थ संख्याधिकारी आरडी राम को कारण बताओ नोटिस जारी करने और सहायक जिला अर्थसंख्याधिकारी ओमप्रकाश यादव को प्रतिकूल प्रविष्टी देने के लिए डीएम से संस्तुति की गई है।