मेजवां। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के झकहा गांव में शुक्रवार की देर शाम एक युवक गांव स्थित ट्यूबवेल पर नहाने गया था। इसी दौरान पानी में करंट उतर आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर 100 नंबर पुलिस भी पहुंची लेकिन परिजनों ने शव नहीं सौंपा। शनिवार की सुबह मुआवजे की मांग को लेकर परिजन व ग्रामीण फूलपुर-माहुल मार्ग पर शव रख कर चक्काजाम कर दिया। झकहा गांव निवासी श्रीचंद राजभर (36) पुत्र जत्तन राजभर पेशे से मजूदर था। शुक्रवार की शाम वह मजदूरी करके घर वापस लौटा तो गांव स्थित एक व्यक्ति के ट्यूबवेल पर नहाने चला गया। नहाने के दौरान ट्यूबवेल के हौज में भरे पानी में कहीं से करंट उतर आया और करंट की चपेट में आकर श्रीचंद की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों व परिजनों ने किसी तरह लाइन काट कर शव को बाहर निकाला। देर रात यूपी 100 की गाड़ी भी गांव में पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने उसे लौटा दिया। शनिवार की सुबह सात बजे ग्रामीण फूलपुर-माहुल मार्ग पर गांव के सामने ही चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मय दल बल मौके पर पहुंच गई। ग्रामीण पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद की मांग कर रहे थे। लगभग दो घंटे बाद एसआई बृजेंद्र सिंह के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन पुत्र व एक पुत्री का पिता बताया गया है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।