अंबारी। नगर पंचायत माहुल में शनिवार को विकास कार्यों की समीक्षा, जनसुझाव के लिए खुली बैठक रखी गई। इस दौरान समस्याओं को लेकर स्थानीय लोग आपस में उलझ गए और हंगामा होने लगा। अध्यक्ष को बैठक बीच में ही रद करने की घोषणा करनी पड़ी। नगरवासियों के साथ सभी वार्डों के सदस्य, अध्यक्ष बदरे आलम, ईओ दिनेश चन्द्र आर्य और सुभाष चन्द्र यादव मीटिंग हाल में पहुंचे। बदरे आलम ने नगर में चल रही योजनाओ से लोगों को अवगत कराया। लोगों से सुझाव मांगा। वार्ड दो के सभासद भूखल राम ने कहा की बैठक में स्थानीय विधायक को भी बुलाना चाहिए था। सभासद मो. ख़ालिद ने पिछले दिनों मकान पर नंबर प्लेट लगाने पर 50 रुपया वसूला जाने को लेकर विरोध प्रकट किया। अध्यक्ष ने बताया कि इसका कोई टेंडर नहीं हुआ था। सभासद रीना बिंद्द ने वार्ड में जाम नालियां, रास्ते और बरसात में नालियों का गन्दा पानी घरों में जाने पर सवाल किया। ईओ दिनेश चन्द्र आर्य ने कहा की उस वार्ड के लिए हमने स्पेशल सफ़ाई की व्यवस्था की है। अभी बैठक का दौर चल ही रहा था कि सभासदों ने नगर में हो रहे विकास कार्यों में अनयमितता का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। संत कबीर नगर की निवासी कनीज फ़ातिमा ने आरोप लगाया की उन्हें आवास का फ़ॉर्म भरे एक साल हो गया, लेकिन अभी तक उनको आवास नहीं मिला। अपात्र लोगों को आवास दे दिया गया। समस्याओं को लेकर जनता की आपस में कहासुनी हो गई और हंगामा होने लगा। माहौल ख़राब होता देख नगर पंचायत अध्यक्ष ने बैठक रद्द करने का आदेश दे दिया।
अधिशासी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अंबारी। नगर पंचायत माहुल की सभासद अनीता देवी, रीना बिंद्द, भूखल राम, अफ़रोज बानो, चन्द्रभान, मोनू यादव ने ईओ दिनेश चन्द्र आर्य को ज्ञापन सौंपा। मांग की कि शोभनाथ पुत्र वंशराज की ओर से खुली बैठक में नगर के सभासदों के ख़िलाफ़ अपशब्द का प्रयोग किया। उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाए।
नगर के सभी सदस्यों और जनता के साथ एक खुली बैठक बुलाई गई थी। ताकि नगरवासियों की समस्या का समाधान हो और सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं के बारे में अवगत कराया जा सके।
दिनेश चन्द्र आर्य, ईओ
नगर पंचायत में मैंने एक बैठक कान्हा गोशाला और कूड़ा डम्पिंग ताथा अन्य समस्याओं को लेकर बुलाई थी। इसमें अराजकतत्वों की ओर से हंगामा कर दिया गया, जिससे बैठक पूरी न हो सकी।
बदरे आलम, अध्यक्ष