मुबारकपुर के मोहब्बतपुर गांव के पास शनिवार की शाम सवा पांच बजे रोडवेज बस और आटो में हुई भिड़ंत में आटो सवार मऊ के एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हालांकि बस में सवार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
मऊ के रानीपुर के दतौली गांव निवासी हरिराम की रिश्तेदारी कंधरापुर के इनामदारपुर गांव में है। शनिवार को उनके पुत्र राजेश कुमार (35), सूरज (18) पुत्र दूधनाथ, अरविंद कुमार (20), प्रभू (30), मंजू (12) खिचड़ी पहुंचाने इनामदारपुर आए थे। शाम को सभी आटो से वापस रवाना हुए।
मुबारकपुर के मोहब्बतपुर गांव के समीप पहुंचकर आटो चालक अरविंद ट्रैक्टर को ओवरटेक करने लगा। तभी उसकी भिड़ंत तेज रफ्तार सामने से आ रही जौनपुर डिपो की अनुबंधित बस से हो गई।
दुर्घटना में आटो चालक अरविंद, राजेश और सूरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रभु और मंजू घायल हो गए। उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।
हालांकि उसमें सवार यात्रियों में से किसी को गंभीर चोट नहीं आई। मुबारकपुर थानाध्यक्ष रामसूरत यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान उनके पास से मिले कागजात के आधार पर हो गई है। हादसे की सूचना घर वालों को भेज दी गई है।