जिले में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के मनमाने किराये पर लगाम कसने की तैयारी की जा रही है। अब इनके किराये तय किए जाएंगे और किराया सूची जगह-जगह चस्पा की जाएगी। ज्यादा किराया लिए जाने की शिकायत पर कार्रवाई भी की जाएगी।
अक्सर ऑटो और ई-रिक्शा चालक किराये को लेकर सवारी से उलझते हैं। मनमाना किराये लिए जाने पर नोकझोंक और मारपीट तक की नौबत आती है। वहीं नगर क्षेत्र में ई-रिक्शा इतने अधिक हो गए हैं कि सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा हो रही है। बीच सड़क पर सवारी बिठाई जा रही है। अगर किसी ने विरोध किया तो झगड़ा तय है।
एसपी यातायात संजय कुमार समस्या को गंभीरता से लिया है। उन्होंने जहां ई-रिक्शा के संचालन के लिए रूट का निर्धारण किया है वहीं किराया भी तय करने की योजना बनाई है। जिससे यात्रियों को किराये को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो। एसपी यातायात ने किराया सूची तैयार की है उसे सभी ई-रिक्शा और आॅटो में लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही रोडवेज, रेलवे स्टेशन, हर्रा की चुंगी, ब्रह्मस्थान आदि जगहों पर इसे चस्पा भी किया जाएगा। सूची में एक मोबाइल नंबर भी होगा। जिस पर तय किए गए किराये से अधिक लेने पर शिकायत की जा सकेगी। शिकायत पर उक्त चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कोट
अक्सर यात्रियों से ऑटो और ई-रिक्शा चालक किराये को लेकर भिड़ जाते हैं। इसे देखते हुए किराया सूची जारीकरने का निर्णय लिया गया है। यह सूची इनके संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयार की जाएगी। किराया सूची से अधिक लेेने पर कार्रवाई की जाएगी। -संजय कुमार, एसपी यातायात