दीवानी न्यायालय परिसर में बने विद्युत कंट्रोल रूम में एमसीबी चालू करने गए डिप्टी नाजिर करंट की चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें सिधारी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही अपर जिला जज समेत कई न्यायिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सक को बेहतर उपचार करने के लिए निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक, दीवानी न्यायालय में 24 घंटे विद्युत सप्लाई के लिए अलग से व्यवस्था है। जिसके लिए न्यायालय परिसर के दक्षिण पूर्वी हिस्से में ट्रांसफार्मर लगाया गया है। बृहस्पतिवार की सुबह बिजली न रहने पर जनरेटर से आपूर्ति की जा रही थी। लगभग 10:30 बजे बिजली आ जाने पर डिप्टी नाजिर जितेंद्र यादव एमसीबी ऑन कर रहे थे इसी दौरान उसमें धमका हो गया और वह झुलस गए। सहयोगी कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें सिधारी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
नजारत कर्मचारी के झुलसने की सूचना मिलते ही नजारत इंचार्ज अपर जिला जज जैनेंद्र कुमार पांडेय, विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव धनंजय कुमार मिश्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट यशवंत कुमार सरोज समेत कई न्यायिक अधिकारी हॉस्पिटल पहुंचे और उनका हालचाल लेकर डॉक्टरों को बेहतर उपचार के लिए निर्देश दिया।