मुबारकपुर थाना अंतर्गत बलिया मोड़ गढ़वल के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। इस हादसे में बाइक सवार महिला की जहां मौत हो गई तो वहीं बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मुबारकपुर थाना के बनकट गांव निवासिनी नूरशमा (55) मंगलवार को दिन में अपने भतीजे समीर (22) के साथ बाइक से दवा ले कर आजमगढ़ से 12 बजे घर लौट रहे थे। बलिया मोड़ गढ़वल के पास ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आकर नूरशमा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला तीन पुत्र व तीन पुत्रियों की मां थी। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजन बिलख उठे।