आजमगढ़। देवगांव कोतवाली व गंभीरपुर थाने की पुलिस ने धोखाधड़ी व अपहरण के मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के घर रविवार को न्यायालय के आदेश पर कुर्की की नोटिस चस्पा की गई साथ ही क्षेत्र में मुनादी की गई। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चेवार गांव स्थित पेट्रोल पंप स्वामी एसके सिंह अधिग्रहित की गई भूमि के मामले में सरकार से एक करोड़ 41 लाख रुपए मुआवजा उनके बैंक खाते में भेजा गया था। उनके खाते में भेजी गई मुआवजा राशि का जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र सिरुआरपट्टी गांव के मूल निवासी तथा आजमगढ़ शहर में हरबंशपुर स्थित आरटीओ आफिस के पास शंकरनगर कालोनी में रहने वाले कमलप्रकाश सिंह पुत्र दलपति ने गबन कर लिया। इस मामले में पुलिस ने देवगांव कोतवाली में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है। आरोपी कमलप्रकाश तभी से फरार चल रहा है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से कुर्की की नोटिस जारी की गई। रविवार को पुलिस आरोपी के पैतृक और अस्थाई दोनों निवास स्थानों पर कुर्की के नोटिस चस्पा कर मुनादी कराई। इसी क्रम में गंभीरपुर थाने पर तैनात उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद पटेल ने नाबालिग लड़की को भगाने के आरोप में वांछित आरोपी के घर रविवार को कुर्की की नोटिस चस्पा किया है। इस मामले में आरोपी अंबरपुर गांव निवासी राजन राजभर मामला दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा है।