थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एटीएस की टीम कुछ मोबाइल नंबरों की जांच के लिए आई थी। इसकी पुष्टि थाना प्रभारी ने की है। टीम ने इस दौरान अहमदाबाद ब्लास्ट के मास्टर माइंड मुफ़्ती अबुल बशर के भाई से पूछताछ की। बीनापारा स्थित घर के बजाय मुफ़्ती के भाई से थाने पर ही पूछताछ की गई।
सरायमीर के बीनापारा निवासी मुफ़्ती अबुल बशर गुजरात के अहमदाबाद में जुलाई 2008 में हुए सीरियल बम ब्लॉस्ट में मुख्य आरोपी है। उसे इस बम ब्लॉस्ट का मास्टर माइंड बताया गया है। कोर्ट से उसे फरवरी 2022 में फांसी की सजा भी हो चुकी है। सूत्र बताते है कि मुफ़्ती के भाई अबुल फैज़ का नाम एनआरसी के मामले में आया है। उसके द्वारा मोबाइल पर किसी से कुछ आपत्तिजनक बातचीत की गई है। इसी की जांच को लेकर शुक्रवार को एटीएस की टीम सरायमीर थाने पर शाम में पहुची। घंटे भर की पूछताछ के बाद अबुल फैज़ को छोड़ दिया गया, लेकिन टीम फैज़ का मोबाइल व लैपटॉप अपने साथ ले गई है। एटीएस टीम की सरायमीर में मौजूदगी से हड़कंप की स्थिति रही। इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने से हर कोई बचता नज़र आया।
एटीएस टीम कुछ मोबाइल नंबरों की जांच के लिए आई थी। कुछ लोगों से टीम ने पूछताछ भी की है। क्या पूछताछ की और मामला क्या था, इसकी कोई जानकारी हमें नहीं है। - यादवेंद्र पांडेय, थाना प्रभारी, सरायमीर