पत्नी की शिकायत पर सहायक अध्यापक निलंबित
- फोटो : डेमो फोटो
आजमगढ़। मार्टीनगंज विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय फतुही में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात आशीष कुमार द्वारा गलत शपथ पत्र देने का आरोप मंडलायुक्त से उनकी पत्नी ने लगाया था। मंडलायुक्त के आदेश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सहायक अध्यापक आशीष कुमार को निलंबित करते हुए उक्त प्रकरण की जांच खंड शिक्षा अधिकारी पल्हना को सौंपी है।
आशीष कुमार का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद के कारण पत्नी ने मंडलायुक्त को शिकायत की कि आशीष कुमार द्वारा अपने विरुद्घ आपराधिक वाद दायर होने के बाद भी यह शपथ पत्र दिया गया है कि उनके विरुद्घ कोई आपराधिक वाद दाखिल नहीं है।
मंडलायुक्त ने इस मामले में एडी बेसिक योगेंद्र कुमार सिंह को उचित कार्रवाई का निर्देश दिया। एडी बेसिक ने उक्त मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सहायक अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. वीके शर्मा ने सहायक अध्यापक आशीष कुमार को बुधवार को निलंबित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मार्टीनगंज से संबद्घ करते हुए नियमित उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि उन्हें वेतन का भुगतान तभी किया जाए जब आशीष कुमार इस आशय का प्रमाण प्रस्तुत कर दें कि वह किसी अन्य सेवायोजन, व्यापार और अन्य किसी लाभ में नहीं लगे हैं।
एडी बेसिक के निर्देश पर उक्त सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। उन्हें खंड विकास अधिकारी कार्यालय मार्टीनगंज कार्यालय से संबद्घ कर दिया गया है। इस प्रकरण की जांच के लिए खंड विकास अधिकारी पल्हना को जांच अधिकारी नामित किया गया है। -डा. वीके शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।-