आजमगढ़। रानी की सराय स्थित विपणन गोदाम से 3411 क्विंटल अनाज के घपले में सहायक विपणन अधिकारी बद्री नारायण उपाध्याय को संभागीय खाद्य नियंत्रक ने निलंबित कर दिया है। वहीं, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी एवं गोदाम प्रभारी के निलंबन के लिए भी रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। दोनों पर पहले ही रानी की सराय थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।
विपणन विभाग के रानी की सराय गोदाम में घपले की सुगबुगाहट मिलने पर डिप्टी आरएमओ आरपी पटेल ने इसकी जानकारी डीएम को दी थी। डीएम ने 12 मार्च को डिप्टी आरएमओ आरपी पटेल के नेतृत्व में तहसीलदार सदर अनिल पाठक, एएमओ अनिल गुप्ता, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी पल्हनी और फूलपुर आदि की टीम बनाकर राशन का सत्यापन काराया था। सत्यापन में 1998 क्विंटल गेहूं और 1413 क्विंटल चावल गायब था। इस मामले में क्षेत्रीय विपणन अधिकारी एवं गोदाम प्रभारी अवनीश कुमार गुप्ता और सहायक विपणन अधिकारी बद्री नरायण उपाध्याय के खिलाफ रानी की सराय थाने में एफआईआर करने के साथ ही दोनों को गोदाम से हटा दिया था। दोनों के निलंबन के संबंधित अधिकारियों को डीएम ने रिपोर्ट भेज दी थी। डिप्टी आरएमओ आरपी पटेल ने बताया कि इसमें कार्रवाई करते हुए संभागीय खाद्य नियंत्रक ने सहायक निपणन अधिकारी बद्री नारायण उपाध्याय को निलंबित कर दिया है। वहीं, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी एवं गोदाम प्रभारी अवनीश गुप्ता के निलंबन के लिए रिपोर्ट खाद्य आयुक्त को भेजी गई है। उनके ऊपर भी जल्द गाज गिरने के आसार जताए जा रहे हैं।