अहरौला। सामुदायिक स्वास्स्थ्य केंद्र अहरौला पर शुक्रवार को आशा बहूओं ने विरोध प्रदर्शन कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबोधित मांगों का मांग पत्र सीएचसी अधीक्षक ङा. योगेश कुमार गौतम को सौंपा। जिसमें अपनी मांगों से सीएमओ को अवगत कराया। आशा संघ की ब्लॉक अध्यक्ष बृजबाला सिंह ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पर 102 और 108 नंबर एंबुलेंस गाड़ियां कई महीनों से नहीं है। जिससे क्षेत्र के गर्भवती महिलाओं सहित एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में काफी कठिनाई हो रही है। लोग एंबुलेंस न उपलब्ध होने पर प्राईवेट गाड़ी के चक्कर में मौके पर ही दम तोड़ दे रहे हैं। आशा संघ की अध्यक्ष बृजबाल सिंह ने कहा 21 अक्तूबर को शोभावती राजभर पत्नी पूरन राजभर रेङहा गांव के निवासी हैं उनका एक्सीडेंट हो गया। लेकिन 108 नंबर पर लोग काल मिलाते रहे लेकिन गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची और उन्हें प्राइवेट गाड़ी से मुहमांगे किराए पर जिला अस्पताल भेजना पड़ा। क्षेत्र में 108 और 102 नंबर की गाड़ियां तत्काल उपलब्ध कराने की लोग मांग कर रहे हैं। आशाओं की प्रतिपूर्ति राशि 750 रुपये प्रति माह जो मार्च 2020 से सितंबर 2021 तक बकाया है अभी तक नहीं दी गई है। कई तरह के भुगतान अभी तक सीएचसी से नहीं किया गया है जबकि बार-बार इसके लिए हम लोगों ने सीएचसी अधीक्षक से लेकर सीएमओ से भी बात की गई। आशाओं ने चेतावनी दी कि भुगतान न होने की दशा में आशाएं 14 नवंबर से सीएचसी का घेराव और भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगी। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. योगेश कुमार गौतम का कहना है 108 और 102 एंबुलेंस वाहन के लिए सीएमओ को अवगत कराया गया है जल्द ही इसका निदान निकाल लिया जाएगा। जहा तक वाकया भुगतान का है तो कागजी कार्रवाई पूर्ण हो गई है जल्द ही आशाओं के खातों में उनका बकाया भुगतान पहुंच जाएगा।