चार माह से बकाया मानदेय न मिलने से नाराज आशा संगिनी व आशा कार्यकत्रियों ने मंगलवार को सीएचसी प्रभारी कोल्हूखोर को ज्ञापन सौंपा। कहा कि अगर चार दिन में बकाया मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो वह सभी कार्यक्रमों का बहिष्कार कर सीएचसी में धरने पर बैठ जाएंगी। आशा संगिनी ब्लॉक अध्यक्ष कल्याणी सिंह ने कहा कि चार माह से मानदेय का भुगतान न होने से हम लोग भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। मिलने वाले मानदेय से हम लोगों के परिवार का भरण पोषण, बच्चों की पढ़ाई लिखाई आदि खर्चे चलाता है। कड़ी धूप में हम से तो विभाग काम ले रहा है लेकिन बकाया मानदेय का भुगतान नहीं कर रहा है। चार दिन में अगर बकाया मानदेय नहीं दिया गया तो आशा व आशा संगिनी राष्ट्रीय कार्यक्रम पोलियो टीका, डिलेवरी,टीवी प्रोग्राम आदि को बंद कर देंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस अवसर पर रिंकल सिंह, मनिका देवी, गीता यादव, सुनीता सिंह, बबीता वर्मा, मंजू सिंह, पुष्पा देवी, पूनम सिंह, सरिता सिंह आदि मौजूद थीं।