देवारा खास राजा के सर्वजीत का पुरवा में सोमवार को कटान पीड़ितों की समस्याओं के निस्तारण के लिए आयोजित कैंप में कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। कुछ पहुंचे भी तो वे दो बजे के करीब। इसको लेकर बड़ी संख्या में देवारा खास के ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्राम प्रधान ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
बता दें कि 27 अगस्त को जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने कटान प्रभावित क्षेत्र का दौरान किया था। इस दौरान उन्होंने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्या सुनी थी। उन्होंने अधिकारियों को सोमवार को कैंप लगाकर ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया था।
राशन कार्ड, पेंशन आदि के मामलों को निस्तारित करने के लिए कहा था। सोमवार को देवारा खास राजा गांव के सर्वजीत का पुरवा में स्थित प्राइमरी स्कूल परिसर में कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पहुंचे लेकिन मौके पर कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा।तब ग्राम प्रधान ईनरावती के पति पल्टन यादव ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। लगभग दो बजे के करीब कृषि सहायक विजय कुमार यादव पहुंचे और उन्होंने 100 लोगों को पंजीकरण किया। उसके बाद आपूर्ति विभाग सगड़ी से बाबू धर्मेंद्र कुमार पहुंचे। उन्होंने 250 ग्रामीणों से राशनकार्ड के लिए आनलाइन फार्म सर्वे के लिए प्राप्त किया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इस मौके पर जंगबहादुर, अयोध्या, रामअवतार, लोरिक, प्रकाश, भूमेला, जैशराज, रामबिजय, संजय, राधेश्याम, मुंशीलाल आदि उपस्थित थे।