कंधरापुर थाना क्षेत्र के नामदारपुर गांव निवासिनी एक महिला की शुक्रवार की रात पति ने ही लकड़ी के बेंत से पीट-पीट कर हत्या कर दिया था। घटना के बाबत मृतका की मां सुरसती देवी ने पति समेत तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। हत्यारोपी पति को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। अन्य दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। मऊ जिले के रानीपुर थाना अंतर्गत खरेवा याकूबपुर गांव निवासिनी सुरसती देवी ने अपनी पुत्री सुनीता (40) की दूसरी शादी कंधरापुर थाना के नामदारपुर गांव निवासी मुन्ना के साथ किया था। सुनीता को पहले पति से तीन बच्चे थे तो वहीं मुन्ना से भी उसे दो बेटिया हुई। शुक्रवार की रात लगभग आठ बजे घर की लाइट खराब हो गई। जिस पर सुनीता का अपने पति मुन्ना से विवाद हो गया। कुछ ही देर में बात बढ़ गई और मुन्ना ने घर में रखे लकड़ी के बेंत से सुनीता के सिर पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिया। इसके बाद वह घर से फरार हो गया। मुन्ना का भाई सुग्रीव सुुनीता को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मृतका की मां सुरसती देवी पहुंची और अपने दामाद मुन्ना के अलावा सुग्रीव व उसकी पत्नी तारा देवी के खिलाफ नामजद तहरीर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया। रविवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी मुन्ना राम को हरिहरपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। सुग्रीव व तारा देवी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की दबिश जारी है। मुन्ना राम की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बेंत को भी बरामद कर ली।