आजमगढ़। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ रामजन्म सिंह गुट का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को जिलाध्यक्ष डा. जयशंकर मिश्र की अध्यक्षता में डीएम से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर उनसे मतगणना में लगे शिक्षकों को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
जिलामंत्री पंकज कुमार ने बताया कि जनपद में 19 अप्रैल केे मतदान संपन्न हुआ। मतदान में लगे अध्यापकों और कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी के दौरान मतदान केंद्रों पर मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने के कारण संक्रमित होना पड़ा। चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद कई शिक्षकों की मृत्यु हो गई। वर्तमान में कई कर्मचारी और शिक्षक जीवन और मृत्यु से संघर्ष कर रहे हैँ। मांग है मृत कर्मचारियों और शिक्षकों के परिवार को 50 लाख रुपये और दो आश्रितों को नौकरी दी जाए। साथ ही जिन अध्यापकों और कर्मचारियों को मतगणना के कार्य में लगाया गया है उनको पीपीई किट, सैनिटाइजर और मास्क उपलब्ध कराने के साथ ही प्रत्येक टेल को शीशे से चारो तरफ से घेरा जाए जिससे अध्यापक और कर्मचारी संक्रमित होने से बचें। प्रतिनिधि मंडल में जिलाध्यक्ष डा. जयशंकर मिश्र, शेर बहादुर सिंह यादव, अबरार अहमद, पंकज कुमार सिंह, राधेश्याम राजभर, जामवंत निषाद, इंद्रजीत राम आदि उपस्थित थे।
चुनाव के बाद बिगड़ी तबियत, गुरुवार को मौत
सगड़ी। अजमतगढ़ ब्लाक के पूर्व एबीआरसी और वर्तमान में जूनियर विद्यालय सगड़ी के प्रधानाध्यापक दीपचंद प्रसाद का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी। उनकी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ड्यूटी लगी हुई थी। चुनाव कराने के बाद वापस घर आने पर उनकी तबीयत खराब हो गई। जिसका इलाज चल रहा था। गुरुवार को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। हरैया ब्लॉक में मतगणना में ड्यूटी लगाई गई थी।