आजमगढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम राजेश कुमार की अध्यक्षता में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से संचालित प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना के अंतर्गत ब्लॉक और जनपद स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई। इसमें अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में लगभग 100 करोड़ की नई परियोजनाओं को समिति ने अनुमोदित किया।
द्वितीय चरण में संबंधित विभागों की ओर से वर्ष 2020-21 के लिए नए प्रस्ताव प्रस्तुत किए। बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से 24 करोड़ की परियोजनाएं प्रस्तुत की गईं। जिसमें परिषदीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, चहारदीवारी निर्माण, गेट निर्माण, सबमर्सिबल पम्प और रेन वाटर हार्वेस्टिंग, मल्टीपल हैंडवाश, दिव्यांग सुलभ शौचालय व फर्नीचर आदि के प्रस्ताव शामिल थे। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से राजकीय इंटर कालेजों में बाउंड्रीवाल, शौचालय, आडिटोरियम हाल, अतिरिक्त कक्ष, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, सबमर्सिबल पम्प एवं हैण्डपम्प आदि के प्रस्ताव रखे। अधिशासी अभियंता जल निगम की ओर से 49 करोड़ की लागत से सात गांवों में पाइप पेयजल परियोजना का प्रस्ताव रखा। अधिशासी अभियंता विद्युत ने गत वर्ष समिति से पारित सभी आच्छादित क्षेत्रों में विद्युतीकरण सुधार के पारित प्रस्ताव की लागत वृद्धि का प्रस्ताव रखा। सभी को समिति ने अनुमोदित कर दिया।
जिलाधिकारी ने इनोवेटिव प्रोजेक्ट के अंतर्गत आच्छादित क्षेत्रों के विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के प्रस्ताव, महिला बालिका इंटर कालेज में सैनिटरी नैपकीन इन्सिनेटर, टाउन एरिया मुबारकपुर में सीवर टीटमेंट प्लांट, कूड़ा निस्तारण केन्द्र आदि के प्रस्ताव अधिशासी अभियन्ता जल निगम को बनाने के निर्देश दिए। इन प्रस्तावों को भी वर्तमान वित्तीय वर्ष के प्रस्ताव के साथ शासन को भेजने को कहा। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा की ओर से मिर्जापुर स्थित चिकित्सालय की बाउण्ड्रीवाल निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि शीघ्र डीपीआर बना प्रस्तुत करें। एसडीएम मेंहनगर एवं बीडीओ मिर्जापुर को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में स्थित अल्पसंख्यक बाहुल्य ग्रामों में संबन्धित विभागों से समन्वय स्थापित कर शिक्षा, स्वास्थ्य व पेयजल से सम्बन्धित नवीन परियोजनाओं के प्रस्ताव निर्मित कर शीघ्र प्रस्तुत करें।
अभी चल रहे ये कार्य
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी साहित्य निकष सिंह ने बताया कि योजना के तहत वर्ष 2013-14 में विकास खण्ड मिर्जापुर, मोहम्मदपुर, सठियांव तथा टाउन एरिया मुबारकपुर को चुना गया है। वर्ष 2018-19 में जिला मुख्यालय आजमगढ़ भी सम्मिलित है। वर्तमान में पांच राजकीय इंटर कालेज निर्माणाधीन हैं। एक राजकीय महिला महाविद्यालय निर्माणाधीन है। 66 आंगनबाड़ी केन्द्र और छह पाइप पेयजल परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। उक्त योजनाओं के शीघ्र पूर्ण करने के लिए जिलाधिकारी ने सम्बन्धित कार्यदायी एजेन्सी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया।