अहरौला-अंबारी रोड पर सीसी रोड निर्माण कार्य में सरिया का इस्तेमाल की मांग पर जाम करते लोगों को समझाती पुलिस
अहरौला-अंबारी रोड पर एमबीए कालेज से तमसा नदी पुल तक सीसी रोड निर्माण कार्य में सरिया का इस्तेमाल करने की मांग को लेकर भाकपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार की सुबह दस बजे हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने पकड़ी बाजार सड़क जाम लगा दिया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। उधर, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पीडब्लूडी और अहरौला पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
भाकपा नेता और अहरौला जिला पंचायत क्षेत्र से महाप्रधान त्रिलोकीनाथ ने कहा कि जब तक सीसी रोड की गुणवत्ता स्पष्ट नहीं होती और सड़क में बालू, सिमेंट, गिट्टी के बीच जब तक सरिया का जाल बिछाकर ढलाई नहीं की जाती तब तक कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा। उधर, सुबह दस बजे से जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। आवागमन बाधित रहा। जिससे राहगीरों को परेशानी हुई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अहरौला विजय प्रकाश यादव ने किसी तरह समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। थोड़ी देर बाद पहुंचे पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एई टीए यादव ने त्रिलोकी नाथ को रोड से संबंधित सभी स्टीमेट को दिखाया और सरिया न डालने का फार्मूला बताया। इसके बाद भी भाकपा कार्यकर्ता नहीं माने। अधिकारी और भाकपा कार्यकर्ताओं वार्ता विफल रही। पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता एई टीए यादव ने बताया कि सड़क जाम करने, सरकारी काम में बाधा डालने, जो कार्य न होने लायक हो उस पर दबाव बनाने का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।