आजमगढ़। एनआरसी व सीएए बिल को लेकर चल रहे हो-हल्ला के बीच अब प्रशासनिक अमला बैठक कर शांति की अपील करने में जुट गया है। इसी के तहत नगर पालिका के सभासदों के साथ एडीएम प्रशासन व एसपी सिटी ने बैठक किया और शहर के शांतिपूर्ण माहौल के लिए हर तरह के सहयोग की आपेक्षा किया। इस दौरान कुछ सभासदों ने शहर कोतवाली में दर्ज मुकदमें में अपना नाम शामिल होने पर नाराजगी भी जतायी।
एनआरसी व सीएए बिल को लेकर शहर का माहौल कई दिनों से गर्म चल रहा है। विरोध का क्रम यहां भी जारी है। शहर से लेकर ग्रामीणांचल में हंगामा मचा हआ है, हालांकि मुबाकरपुर को छोड़ कहीं भी कोई हिंसक प्रदर्शन नहीं हुआ फिर भी विरोध प्रदर्शन का क्रम कई जगहों पर हुआ। इसी के तहत शहर में भी छात्रों के हुजूम ने प्रदर्शन कर एनआरसी व सीएए बिल के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। तीन दिन पूर्व आवास विकास कालोनी से युवाओं का हुजूम सडक़ पर उतर पड़ा था। आवास विकास कालोनी से शिबली कालेज तक प्रदर्शन के साथ ही पहाड़पुर चौराहे पर जम कर नारेबाजी भी की गई थी। जिला प्रशासन ने किसी तरह लोगों को शांत करा कर घरों को वापस भेजा था। इस मामले में शहर कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज हुआ है। जिसमें दर्जन भर से अधिक नामजद व सैकड़ों अज्ञात शामिल है। फिलहाल शहर की स्थिति सामान्य है और यह शांति व्यवस्था कायम रहे इसे लेकर नपा के सभासदों के साथ शनिवार को एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह व एसपी सिटी ने बैठक किया और शांति व्यवस्था में सहयोग की अपील किया। इस दौरान कुछ सभासदों ने मुकदमे में अपना नाम होने की बात कही, जिस पर अधिकारियों ने कहा कि यदि वे हंगामे में नहीं शामिल रहे है तो निश्चित तौर पर उनका नाम विवेचना के दौरान जांच कर हटाया जायेगा, लेकिन जो लोग हंगामे में शामिल रहे है, उन्हें किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जायेगा। इस अवसर पर ईओ शुभनाथ प्रसाद, शहर कोतवाल अनिल सिंह, सभासद आनंद देव उपाध्याय, शहजाद कुरैशी, रवि प्रकाश यादव, मनोज यादव आदि मौजूद रहे।