विद्यालयों में छात्रों को पूरे गणवेश (यूनिफार्म) में आने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नया निर्देश जारी किया गया है। स्कूल शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आदेश दिया है कि प्रत्येक कक्षा में पूर्ण यूनिफार्म में सबसे अधिक उपस्थित रहने वाले छात्र-छात्रा का फोटोग्राफ कक्षा के बाहर लगाया जाए।
जिले में 2660 विद्यालय संचालित हो रहे हैं। उक्त विद्यालयों में करीब तीन लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। बच्चों को डीबीटी के माध्यम से हर साल यूनिफार्म के लिए धनराशि भेजी जाती है। ताकि बच्चे यूनिफाॅर्म पहनकर ही स्कूल आएं। बीएसए राजीव पाठक ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से 8 तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों के यूनिफाॅर्म, स्वेटर, जूता-मोजा, स्कूल बैग के लिए धनराशि अभिभावकों के बैंक खाते में भेजी जा रही है। अभिभावकों को प्रेरित कर ये गणवेश खरीदें। विद्यालयों में पूर्ण यूनिफार्म में सबसे अधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले छात्र/छात्रा का फोटो फ्लैक्स पर प्रिंट कराकर कक्षा के बाहर लगाए जाएं।