आजमगढ़। दिल्ली से लौटे 50 वर्षीय एक और प्रवासी की जिला अस्पताल में शुक्रवार सुबह मौत हो गई। उसे अतरौलिया के क्वारंटीन सेंटर से 20 मई को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। तभी से उसका इलाज चल रहा था। उसका पुत्र भी जिला अस्पताल भर्ती है। दोनों की कोरोना जांच के लिए सैंपल 20 मई को गोरखपुर लैब भेजा गया था। अभी रिपोर्ट नहीं आई है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर प्रानपुर निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति अपने पुत्र के साथ 17 मई को अतरौलिया 100 शैय्या अस्पताल पहुंचा। स्क्रीनिंग के बाद दोनों को रघुनाथ धनंजय स्कूल में क्वारंटीन किया गया था। 20 मई को तेज बुखार और खांसी के लक्षण दिखाई देने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जिला अस्पताल में सैंपल भेजे जाने के बाद उन्हें यहीं क्वारंटीन किया गया है। शुक्रवार सुबह 50 वर्षी प्रवासी की जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुत्र का इलाज अभी चल रही है। दोनों की जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। जिला अस्पताल में अभी तक तीन कोरोना संदिग्धों की मौत हो चुकी है।