जनपद में एक केंद्रीय विद्यालय पहले से है, लेकिन जनपद के क्षेत्रफल आदि को देखते हुए ये पर्याप्त नहीं है। ज्यादा से ज्यादा मात्रा में बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध हो पाए इसलिए लालगंज से भाजपा सांसद नीलम सोनकर जनपद में एक और केंद्रीय विद्यालय के निर्माण के लिए प्रयासरत हैं।
इसके लिए उन्हें केंद्र सरकार से मौखिक स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसी क्रम में राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने के लिए फूलपुर और मार्टीनगंज तहसील में पांच एकड़ जमीन तलाशी जा रही है। भूमि की तलाश के लिए जिलाधिकारी ने एसडीएम को निर्देशित किया है।
लालगंज की भाजपा सांसद नीलम सोनकर की माने तो उन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार से इसके लिए मौखिक स्वीकृति भी मिल चुकी है। अब जनपद स्तर से जमीन आदि का चयन कर इसे मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार को भेजा जाएगा।
राज्य सरकार इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजेगी। फिलहाल सांसद के प्रस्ताव के अनुसार डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा ने शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने मार्टीनगंज और फूलपुर एसडीएम को शहर से नजदीक पांच एकड़ जमीन की तलाश करने और शाम तक इससे अवगत कराने के निर्देश दिए। शनिवार को प्रस्ताव शासन को भेजने की तैयारी थी।
मुख्यमंत्री के सामने आज पेश होगा प्रस्ताव
भाजपा सांसद नीलम सोनकर शनिवार को प्रस्ताव के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। सांसद ने बताया कि मुख्यमंत्री से पहले ही वार्ता हो चुकी है। राज्य सरकार से इसे जल्द मंजूर कराके केंद्र सरकार के पास भिजवाया जाएगा। साथ ही वहां भी मंजूरी दिलाकर बजट आदि की जल्द व्यवस्था कराई जाएगी।
हवाई अड्डे का भी उठेगा मुद्दा
सांसद नीलम सोनकर ने बताया कि सरकार ने मंदुरी हवाई पट्टी को अपनी उड़ान योजना में शामिल किया है। योजना के तहत इसे एयरपोर्ट के रूप में विकसित करा घरेलू उड़ान शुरू कर इसे प्रदेश मुख्यालय से जोड़ा जाना है। इस संबंध में भी मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान जल्द कार्य शुरू करने की मांग उठाई जाएगी।
केंद्रीय विद्यालय के लिए फूलपुर मुफीद
भाजपा सांसद नीलम सोनकर ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए कई मानकों को पूरा करना होता है। इस मायने में फूलपुर अच्छा है। ये विद्यालय स्थापना के मानकों को पूरा करता है। इसलिए कोशिश है कि विद्यालय की स्थापना फूलपुर के आसपास ही हो।
जनपद में एक और केंद्रीय विद्यालय विद्यालय की स्थापना की योजना है। इस संबंध में केंद्र और प्रदेश सरकार से मौखिक सहमति भी मिल चुकी है। जिलाधिकारी से जमीन के लिए कहा गया है। प्रस्ताव को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी। हवाई अड्डे की भी मुद्दा उठाया जाएगा। -नीलम सोनकर, भाजपा सांसद
सांसद के प्रस्ताव के अनुसार एसडीएम को पांच एकड़ जमीन की तलाश के निर्देश दे दिए गए हैं। जमीन मिलते ही प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया जाएगा। -चंद्रभूषण सिंह, जिलाधिकारी