- 31 जनवरी तक आयोजन के निर्देश, बजट जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
आजमगढ़। जिले के 2555 परिषदीय स्कूलों में वार्षिकोत्सव का आयोजन होगा, इसमें सर्वाधिक उपस्थिति वालों को सम्मानित किया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को 31 जनवरी तक वार्षिकोत्सव के निर्देश दे दिए हैं। इस दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं के लिए विभाग की ओर से बजट भी जारी किया गया है। एक विद्यालय को 1200 रुपये के हिसाब से करीब 30 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि हाल के वर्षों में परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। इसे बढ़ाने और बच्चों की नियमित उपस्थिति व ठहराव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यालयों में शारदा संगोष्ठी और वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शारदा संगोष्ठी जनवरी के अंतिम शनिवार को किया जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने बीएसए को निर्देश दिया कि शारदा संगोष्ठी में आउट ऑफ स्कूल बच्चों के अभिभावकों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए। उन्हें विद्यालय में पढ़ाई के लाभ, शासन की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाए। वहीं, वार्षिकोत्सव में दौड़, रिले रेस, नाटक और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन कर शिक्षा के महत्व और स्कूल न आने के नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
कोट
विद्यालय में बच्चे अधिक से अधिक उपस्थिति हों इसके लिए अधिक उपस्थिति स्कूल और नियमति आने वाले बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।
राजीव कुमार,बीएसए