शहर से लेकर गांव तक सड़क पर घूम रहे छुट्टा पशु दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। इनके सड़क पर रहने के कारण कभी जाम लग रहा है तो कभी इनसे बचकर निकलने में हादसे हो रहे हैं। कभी-कभी तो ये इतने हिंसक हो जाते हैं कि लोगों की जान पर बन आती है।
विकास खंड रानी की सराय में वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर डिवाइडर पर पशु आराम करते दिख जाएंगे। कभी कभी तो यह बीच सड़क पर आकर जाम भी लगा देते हैं। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बैठक कर पशु पालन विभाग को सख्त निर्देश दिए थे कि वह हर हाल में सड़कों पर घूम रहे पशुओं को पकड़े और उन्हें गोशाला में भेजे।
इन्हें संरक्षित करने के लिए प्रतिमाह करोड़ों रुपये खर्च भी किए जाते हैं। बावजूद इसके आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। जिससे भारी वाहनों को भी आने जाने में परेशानी होती है। वहीं चार पहिया व छोटे वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का भय बना रहता है।