आजमगढ़। मुजफ्फरनगर बोर्ड की कांपियां लेकर गए शिक्षक की हत्या करने से शिक्षक आक्रोशित हैं। साथी की हत्या के विरोध में जिले में सोमवार को मूल्यांकन केंद्रों पर शिक्षक पहुंचे लेकिन मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करते हुए प्रदर्शन किया और सुरक्षा के इंतजाम किए जाने के साथ ही मृतक शिक्षक के हत्यारों पर कार्रवाई व मृतक आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की।
जिले में तीन विद्यालयों पर मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। जिसमें राजकीय बालिका इंटर काॅलेज, शिब्ली इंटर काॅलेज व डीएवी इंटर काॅलेज शामिल है। सोमवार को भी मूल्यांकन कार्य में लगाए गए शिक्षक केंद्रों पर पहुंचे लेकिन साथी शिक्षक की हत्या के विरोध में मूल्यांकन का बहिष्कार करते हुए प्रदर्शन करने लगे।
मुजफ्फरनगर जिले में स्थित मूल्यांकन केंद्र पर गए शिक्षक की पुलिसकर्मी ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। शिक्षकों का कहना था कि अभी मूल्यांकन चल रहा है और यहां तैनात सुरक्षाकर्मी ही जब ऐसी घटना को अंजाम दे रहा है तो हम किस तरह मूल्यांकन का कार्य करें।
आक्रोशित शिक्षकों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने व मृतक आश्रितों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग किया। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश राय ने कहा कि एक शिक्षक की सिपाही द्वारा गोली मारकर हत्या की गई है। जिसके विरोध में बोर्ड की कांपियों के मूल्यांकन का बहिष्कार किया है। अगर इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो आगे भी बहिष्कार के साथ आंदोलन किया जाएगा।