नगर क्षेत्र के बैंकों पर लोगों की भीड़ कम हुई है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के बैंकों में अफरातफरी अभी भी जारी है। नोट की कमी के कारण बैंकों के प्रति अब लोगों का गुस्सा फूटने लगा है। शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्रों में जहानागंज, मुबारकपुर क्षेत्र में रुपये न मिलने से परेशान लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मुबारकपुर में पुलिस ने लाठियां भांजकर जाम समाप्त कराया।
अमिलो संवाददाता के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के खुझिया बाजार में आजमगढ़-मऊ मुख्यमार्ग पर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की खुझिया शाखा पर नोट निकालने के लिए लोग सुबह से ही लाइन लगाकर खड़े थे। बैंक में कैश न होने के कारण ग्राहकों को काफी इंतजार करना पड़ा। काफी देर इंतजार के बाद भी जब कैश नहीं आया तो लोगों के सब्र का पैमाना टूट गया। इसके बाद लोगों बैंक के सामने ही रोड जाम कर दिया। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज लोहरा राजीव यादव मौके पर पहुंचे और जाम लगा रहे ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करवा दिया।
इसके ठीक दो घंटे बाद लगभग 12 बजे के बाद पुन: लोगों ने सड़क जाम कर दिया और कैश की मांग करने लगे। हालात बिगड़ता देखकर चौकी इंचार्ज ने इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी। थाना प्रभारी महिला पुलिस बल और पुरूष पुलिस बल के साथ पहुंचे और जाम को समाप्त करने का प्रयास किए लेकिन लोग हटने को तैयार नहीं थे। तब उन्होंने हल्की लाठियां भांजकर जाम को समाप्त कराया। काफी देर बाद कैश आया और लोगों में बंटना शुरू हुआ।
जहानागंजः यूबीआई शाखा मंदे पर गुरुवार से पैसा नहीं बंटा। शुक्रवार की सुबह से ही लोग कैश मिलने की आशा में लाइन लगाकर खड़े थे। जैसे ही 11 बजे लोगों को पता चला कि आज भी कैश नहीं बंटेगा लोग आक्रोशित हो गए।
लोगों ने आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने लोगों को समझाकर एक घंटे बाद चक्काजाम समाप्त कराया। बैंक मैनेजर रामजी बरनवाल ने कहा कि कल 11 बजे से ही कैश नहीं है। जिसके कारण हम बांटने में असमर्थ हैं। अहरौला संवाददाता के अनुुसार शुक्रवार को क्षेत्र में यूबीआई की सभी शाखाओं बस्ती भुजबल, अहरौला, शाहपुर, खजुरी, फुलवरिया शाखाओं पर सुबह से बड़ी लाइन लगी थी। समय होने पर भी नो कैश की नोटिस लगी थी और शटर में ताला लगा था ।
बसही यूबीआई बैंक के बाहर भारी भीड़ थी और शटर बंद था। वही अहरौला में यूबीआई में कैश नहीं था लेकिन पुराने पैसे जमा हो रहे थे। यही हाल अन्य शाखाओं का था। मार्टीनगंजः स्थानीय तहसील मुख्यालय स्थित यूनियन बैक आफ इंडिया शाखा मार्टीनगंज में बैंक के बाहर पुराने नोट जमा करने और नए नोट लेने वालों की भीड़ सुबह चार बजे से ही जमा होनी शुरू हो गई थी। बैंक में पैसा तीन दिन से न रहने की वजह से लोग प्रतिदिन सुबह चार बजे से ही लाइन मे लग जाते हैं ।
मेजवां संवाददाता के अनुसार फूलपुर क्षेत्र के सभी डाकघरों से धन निकासी न होने के चलते ग्रामीणांचलों में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। आलम यह है कि लोग अपनी पासबुकों को लेकर दर-दर भटक रहे हैं। पैसा जमा करने के बाद अब उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है लेकिन भारतीय स्टेट बैक डाकघरों में रूपयों की आपूर्ति नहीं कर रहा है।