मानदेय वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को जिले के विभिन्न ब्लॉक क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के आह्वान पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने जुलूस निकाला। ठेकमा में कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने आजमगढ़-जौनपुर मार्ग को जामकर दिया। वहीं सगड़ी तहसील, अतरौलिया और पवई ब्लाक में जुलूस निकाला।
ठेकमा ब्लॉक से ब्लॉक अध्यक्ष कृष्णावती राय के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया। तीन बजे से आजमगढ़-जौनपुर मुख्य मार्ग को 40 मिनट तक जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। मालटारी/गोरिया बाजार: अजमतगढ़ ब्लॉक और हरैया ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक से जुलूस निकाला। जगह-जगह सड़क जाम हो गई।
तहसील पहुंच कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी चंद्रभान प्रसाद सरोज को सौंपा। कुसुम उपाध्याय ने कहा कि जब तक वेतन नहीं दिया जाएगा, सरकारी कार्यों का बहिष्कार करते रहेंगे। पवई ब्लॉक मुख्यालय पर दो सितंबर से 17 सूत्री मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। धरना स्थल से जुलूस निकाला। अध्यक्षता शिव कुमारी ने किया।
अतरौलिया ब्लॉक अध्यक्ष प्रतिमा सिंह के नेतृत्व में बाल विकास परियोजना कार्यालय से जुलूस निकाला। अहरौला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुलूस निकाला गया। ब्लॉक अध्यक्ष शशिकला यादव ने मानदेय में वृद्धि और राज्य कर्मचारी घोषित करने की मांग की।