आजमगढ़। परियोजना कार्यालय पल्हनी के आंगनबाड़ी केंद्र मुजफ्फरपुर-3 पर मानदेय आधारित सेवा पर नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रिंका यादव की मंगलवार को सेवा समाप्त कर दी गई है।
यह कार्रवाई बीपीएल श्रेणी का फर्जी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर नियुक्ति प्राप्त करने के आरोप में की गई है।
डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया के तहत विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसी के तहत रिंका यादव का चयन बीपीएल श्रेणी में वरीयता के आधार पर हुआ था और उन्होंने 25 मार्च को कार्यभार ग्रहण किया था।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद समीना बानो द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई कि रिंका यादव ने अपनी आय छिपाकर फर्जी तरीके से बीपीएल श्रेणी का प्रमाण पत्र बनवाया है। शिकायत की जांच के बाद तहसीलदार सदर ने रिंका यादव के आय प्रमाण पत्र को निरस्त कर दिया।