आज जहां कई स्थानों की रामलीला अपनी पुरानी चमक को खो चुकी है, वहीं मेंहनगर की रामलीला अपनी पुरानी चमक और परंपरा को कायम किए हुए है। रामलीला मंचन के दौरान शनिवार को श्रीराम विवाह के अवसर पर रामलीला समिति के सदस्यों ने एक बेसहारा की शादी पूरे विधि-विधान से कराई।
श्रीराम लीला कमेटी मेंहनगर के चेयरमैन विरेंद्र आर्य को जौनपुर जनपद के अटहर गांव में एक ऐसी लड़की का पता चला जिसके मां-बाप नहीं थे। वह अनाथ थी। उन्होंने बेसहारा लड़की सोनम की शादी कराने का प्रस्ताव समिति के सामने रखा।
कमेटी के सदस्यों ने इसे स्वीकार करते हुए मेंहनगर कस्बे के वार्ड नंबर सात जहांगीर नगर निवासी बृजेश विश्वकर्मा पुत्र स्व. रामपलट विश्वकर्मा से शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे उन्होने स्वीकार कर लिया। शनिवार को रामलीला मंचन के दौरान श्रीराम विवाह के अवसर पर आतिशबाजी और धूमधड़ाके के बीच दोनों की शादी करा दी गई।
जयमाल के बाद पंडित ओमप्रकाश पांडेय ने मंच पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सिंदूरदान और खिचड़ी रस्म अदा कराई। नगरवासियों ने दहेज देकर सोनम को विदा किया। इस दौरान सभी की आंखें नम थीं।
इस मौके पर इंस्पेक्टर अनिल चंद तिवारी चेयरमैन रामबदन कन्नौजिया, अध्यक्ष डा. अच्छेलाल, विरेंद्र आर्य, सुभाष जायसवाल, कपिलदेव, अशोक चौहान, दीपक सिंह, बसंत सेठ, प्रह्लाद, सतेंद्र दीक्षित, गुलाब चंद सेठ, शोभनाथ यादव आदि उपस्थित थे।