लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के तुरकौली गांव में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां स्कूल से लौट रही आठ वर्षीय छात्रा को स्कूली बस ने ही कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृत बच्ची आईजा (8) करमैनी स्थित एक स्कूल में पढ़ती थी। जिस बस से आई उसी बस ने उसे कुचल दिया।
तुरकौली गांव निवासी तालिब की आठ वर्षीय पुत्री सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे स्कूल बस बच्चों को छोड़ने उनके घरों तक जा रही थी। आईजा जब अपने घर से 70 मीटर दूर बस से उतरी, उसी दौरान बस घूमते समय उसकी चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रौनापार थानाध्यक्ष मंतोष सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बस और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।