बलरामपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तहबरपुर थाना अंतर्गत पाइंट 212 के पास बृहस्पतिवार की सुबह ट्रक के धक्के से एंबुलेंस पलट गई। हादसे में एंबुलेंस सवार कैंसर पीड़ित किशोर समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एंबुलेंस दिल्ली से बिहार जा रहा था। बिहार प्रांत के पटना जिला के बख्तियारपुर थाना अंतर्गत घुसड़ी गांव निवासी साहिल (16) पुत्र विश्वनाथ कैंसर से पीड़ित है। परिजन उसे इलाज के लिए लेकर दिल्ली एम्स गए थे। बुधवार को एम्स में दिखाने के बाद एंबुलेंस से लेकर घर जा रहे थे। बृहस्पतिवार की सुबह एंबुलेंस तहबरपुर थाना अंतर्गत 112 पाइंट पर पहुंची थी। ट्रक ने एंबुलेंस में धक्का मार दिया। हादसे में एंबुलेंस में सवार साहिल के अलावा उसका भाई शौर्य (22), मां मंशा पांडेय (45) व एंबुलेंस चालक आसिफ (20) निवासी नोएडा 122 साई क्लब दिल्ली घायल हो गए। सूचना मिलते ही तहबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया।